November 14, 2026

50 लाख के डीजल मामले में 12 दिन बाद भी जांच रिपोर्ट का इंतजार, विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल

Faridabad/Alive News: बीके सिविल अस्पताल की खड़ी एंबुलेंस के नाम पर करीब 50 लाख रुपये के डीजल की खरीद का मामला सामने आने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग की जांच पूरी होती नहीं दिख रही है। स्वास्थ्य निदेशालय की राज्य स्तरीय जांच टीम को फरीदाबाद आए 12 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक जांच रिपोर्ट सामने नहीं आई है। टीम ने अधिकारियों, एंबुलेंस चालकों और कर्मचारियों से पूछताछ करने के साथ कई रिकॉर्ड भी खंगाले थे। इसके बावजूद विभाग की ओर से अब तक न तो जांच के नतीजे सार्वजनिक किए गए हैं और न ही किसी जिम्मेदार पर कार्रवाई की जानकारी दी गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर जांच रिपोर्ट आने में इतनी देरी क्यों हो रही है?

एक मोबाइल नंबर से कई बार हुई रेफरल बुकिंग

जांच के दौरान टीम ने डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. रचना शर्मा सहित एंबुलेंस चालकों और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की थी। सूत्रों के अनुसार, रिकॉर्ड में एक ही मोबाइल नंबर से कई बार रेफरल बुकिंग होने की जानकारी मिली थी। इनमें बल्लभगढ़ से दिल्ली स्थित एम्स के लिए बुकिंग भी शामिल थी। कुछ जरूरी रिकॉर्ड टीम को उपलब्ध नहीं हो सके थे। वहीं, मरम्मत के लिए एजेंसी में खड़ी एंबुलेंस के मोहना और धौज स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचने के रिकॉर्ड की भी पड़ताल की गई थी।

चार नहीं, आठ एंबुलेंस पर भी शक

मामले में शुरुआत में चार एंबुलेंस के फ्यूल कार्ड से डीजल खरीद का रिकॉर्ड सामने आया था। अब सूत्रों के अनुसार, जांच का दायरा बढ़ने से आठ एंबुलेंस तक में गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। सभी एंबुलेंस के रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। पेट्रो कार्ड की एक बार में चार हजार रुपये की लिमिट और उसे दोबारा रिचार्ज कराने की प्रक्रिया की भी जांच की जा रही है।

सीएमओ ने मुख्यालय से मांगी रिपोर्ट

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने बताया कि उन्होंने मुख्यालय से जांच रिपोर्ट मांगी है, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। रिपोर्ट आने के बाद ही डीजल खर्च और एंबुलेंस संचालन में कर्मचारियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।