November 16, 2026

राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर पत्रकारों की स्वतंत्रता, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की जरूरत : संजय राठी

राष्ट्रीय प्रेस दिवस

Rohtak/Alive News: मीडिया काउंसिल ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय राठी ने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर देशभर के पत्रकारों को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों की स्वतंत्रता, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की आवाज उठाने और व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाती है।

संजय राठी ने कहा कि आज पत्रकारों पर हमले, धमकियां, हत्या और झूठे मुकदमों जैसी घटनाएं चिंता का विषय हैं। पत्रकारों को बिना किसी दबाव और भय के काम करने का माहौल मिलना चाहिए।

उन्होंने केंद्र सरकार से देश में पत्रकार सुरक्षा कानून जल्द लागू करने की मांग की। साथ ही पत्रकारों और उनके परिवारों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, एक करोड़ रुपये का बीमा, पेंशन और टोल टैक्स में छूट देने की भी मांग की।

राठी ने कहा कि बड़े मीडिया संस्थानों, छोटे समाचार पत्रों, डिजिटल मीडिया और स्वतंत्र रूप से काम करने वाले सभी पत्रकारों को समान सम्मान और सुरक्षा मिलनी चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से संविधान, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।