Faridabad/Alive News: मौसम में बदलाव के साथ शहर में दिन और रात के तापमान में अंतर बढ़ने लगा है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास हो रहा है, जबकि रात में ठंडक बढ़ रही है। इसके बावजूद लोगों को जहरीली हवा से राहत नहीं मिल रही। फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं, शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 257 और बल्लभगढ़ का 271 दर्ज किया गया। दोनों ही जगह हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है।
एनसीआर के शहरों में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई शहरों में प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ है। यमुनानगर में AQI 306 और पंचगांव में 309 दर्ज किया गया। इसके अलावा सोनीपत में 297, गुरुग्राम में 296, कुरुक्षेत्र में 286, बहादुरगढ़ में 267 और मानेसर में 262 AQI रहा। अधिकांश शहरों में PM 2.5 और PM 10 के कण हवा की गुणवत्ता खराब कर रहे हैं।
रात का तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटे में 1.3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। यह सामान्य से करीब चार डिग्री अधिक है। हालांकि भिवानी में सबसे कम 14 डिग्री, करनाल में 14.2 डिग्री और फतेहाबाद में 14.3 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं, दिन के औसत अधिकतम तापमान में 0.8 डिग्री की गिरावट आई है।
22 नवंबर तक बारिश की संभावना नहीं
मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, प्रदेश में 22 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा और दिन में धूप खिली रहेगी। अधिकतम तापमान 26 से 28 डिग्री के आसपास रह सकता है। बारिश की संभावना नहीं है।

