March 7, 2026

राष्ट्रीय स्तर की शूटर से यौन शोषण, पुलिस के पास पुख्ता सबूत, आरोपी कोच फरार

Faridabad/Alive News: राष्ट्रीय स्तर की 17 वर्षीय महिला शूटर के साथ कथित यौन शोषण के मामले में पुलिस ने आरोपित राष्ट्रीय शूटिंग कोच के खिलाफ पर्याप्त सबूत होने का दावा किया है। फिलहाल आरोपित कोच फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की पांच टीमें पंजाब सहित अन्य राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

इधर, हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर आरोपित कोच को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने के निर्देश देने की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन अहम सबूत

महिला थाना एनआईटी की प्रभारी माया ने बताया कि मामले में पुलिस को कई अहम और पुख्ता सबूत मिले हैं। इनमें होटल की सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ आरोपित कोच और पीड़िता के मोबाइल फोन की लोकेशन शामिल है। इसके अलावा पुलिस टीम ने होटल स्टाफ से भी पूछताछ कर जरूरी जानकारी जुटाई है।

होटल में ले जाकर यौन शोषण का आरोप

कॉमनवेल्थ यूथ गेम्स-2008 और हनोवर में 2016 की इंटरनेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत चुके खिलाड़ी और वर्तमान राष्ट्रीय शूटिंग कोच अंकुश भारद्वाज पर आरोप है कि उसने 17 वर्षीय शूटर को होटल में ले जाकर यौन शोषण किया।

पीड़िता एक उभरती हुई युवा शूटर है, जो राष्ट्रीय स्तर की कई निशानेबाजी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी है। वह वर्ष 2017 से शूटिंग का प्रशिक्षण ले रही थी और पिछले वर्ष से आरोपी कोच के अधीन ट्रेनिंग कर रही थी।

करियर बर्बाद करने की दी धमकी

पीड़िता के अनुसार, 16 दिसंबर 2025 को वह डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में एक प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आई थी। प्रतियोगिता के बाद जब वह घर लौटने वाली थी, तभी कोच ने फोन कर उसे सूरजकुंड स्थित एक होटल में बुला लिया। आरोप है कि होटल के कमरे में कोच ने पहले शारीरिक छेड़छाड़ की और विरोध करने पर यौन शोषण किया। साथ ही घटना की जानकारी किसी को देने पर करियर बर्बाद करने की धमकी भी दी।

एक दिन पहले भी सामने आया था ऐसा ही मामला

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले, 17 दिसंबर को भिवानी की एक महिला शूटर के साथ दुष्कर्म का एक अन्य मामला भी सामने आया था। वह शूटर प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आई थी। आरोप फरीदाबाद निवासी एक युवक सतेंद्र पर लगे थे। पुलिस ने इस मामले में शूटर की सहेली, दोस्त गौरव और आरोपी सतेंद्र को गिरफ्तार किया था।