May 20, 2024

राष्ट्रीय शिक्षा दिवसः भाषण और पेटिंग प्रतियोगिता से दर्शाया शिक्षा का महत्व

Faridabad/Alive News : गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल सराय ख्वाजा फरीदाबाद में प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के उपलक्ष्य में जूनियर रेडक्रॉस, सैंट जॉन एंबुलेंस ब्रिगेड और स्काउट्स गाइड्स द्वारा भाषण प्रतियोगिता और पेटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

विद्यालय की जूनियर रेडक्रॉस काउंसलर और ब्रिगेड अधिकारी प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा दिवस भारत के पहले शिक्षा मंत्री और विभिन्न उच्च शिक्षा संस्थानों व नियामकों के संस्थापकों में से एक मौलाना अबुल कलाम आजाद के शिक्षा में योगदान की स्मृति में उनकी जयंती पर अर्थात 11 नवंबर को प्रत्येक वर्ष मनाया जाता है। प्राचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा ने कहा कि उन्होंने देश में उच्च शिक्षा के मुख्य नियामकों व संस्थानों जैसे अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद ए आइ सी टी ई, विश्वविद्यालय अनुदान आयोग यू जी सी, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान आइ आइ टी सहित अन्य नियामकों की स्थापना में महत्वपूर्ण योगदान दिया। मौलाना आजाद ने कई संस्थानों की स्थापना की जिनमें ललित कला अकादमी, संगीत नाटक अकादमी और साहित्य अकादमी सम्मिलित हैं।

इस बार राष्ट्रीय शिक्षा दिवस 2022 की थीम विषय पाठ्यक्रम बदलना और शिक्षा को बदलना है। शिक्षा मंत्रालय प्रत्येक वर्ष एक अलग फोकस क्षेत्र निर्धारित करता है। प्राचार्य ने कहा कि शिक्षा हमें संस्कारवान, चरित्रवान बनने तथा सद्गुणों को आत्मसात करने के पथ पर अग्रसर करती है तथा हमें अधिक उत्तरदायित्व लेने के सक्षम बनाती है। मौलाना अबुल कलाम आजाद की जयंती 11 नवंबर को शिक्षा दिवस के रूप में मनाए जाने का शुभारंभ वर्ष 2008 से किया गया। उन्होंने भारतीय विज्ञान संस्थान आई आई एस सी बैंगलोर की स्थापना पर बल दिया।

पहले भारतीय शिक्षा मंत्री के रूप में आजाद का मुख्य ध्यान स्वतंत्रता के बाद के भारत में ग्रामीण निर्धनों और लड़कियों को शिक्षित करना था। शिक्षा सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल में उन्होंने वयस्क साक्षरता, 14 वर्ष तक के सभी बच्चों के लिए निःशुल्क और अनिवार्य, सार्वभौमिक प्राथमिक शिक्षा, और माध्यमिक शिक्षा और व्यावसायिक प्रशिक्षण पर जोर दिया।

आज विद्यालय में असेंबली में राष्ट्रीय शिक्षा दिवस पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता में रिया ने प्रथम और दीप्ति यादव ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। पेटिंग प्रतियोगिता में करिश्मा, डिंपल और राधिका को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय घोषित किया गया। इस मौके पर अध्यापिका गीता, धर्मपाल शास्त्री, राजीव लाल तथा सभी प्रतिभागिता कर रहे छात्र, छात्राओं तथा विजेताओं का स्वागत किया।