Faridabad/Alive News: नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना सहित अन्य योजनाओं के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
जिला परियोजना अधिकारी महेंद्र सिंह को निर्देश दिए गए हैं कि आम जनता को जागरूक करने के लिए विशेष कैंप आयोजित किए जाएं और स्ट्रीट वेंडर्स को एसएमएस के जरिए सूचित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ उठा सकें।
आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जनहितकारी योजनाओं का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है, जिसके लिए अधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
साथ ही, शहर में कामकाजी महिलाओं के छोटे बच्चों के लिए चार स्थानों नगर निगम मुख्यालय, उपायुक्त कार्यालय, सिविल अस्पताल क्षेत्र और औद्योगिक क्षेत्र में क्रेच खोलने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा नाइट शेल्टर की संख्या बढ़ाने के भी निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम जल्द ही इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए तैयारियां शुरू करेगा।

