Faridabad/Alive News: जिले में रसोई गैस की किल्लत के कारण उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं और लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। पहले जहां अधिकतर एजेंसियां घर-घर गैस सिलिंडर की आपूर्ति करती थीं, वहीं अब कई जगहों पर यह सेवा बंद कर दी गई है। हालांकि कुछ एजेंसियां अभी भी पहले की तरह होम डिलीवरी कर रही हैं, लेकिन सूरजकुंड क्षेत्र और बल्लभगढ़ में हालात ज्यादा खराब बने हुए हैं।
सबसे ज्यादा दिक्कत उन लोगों को हो रही है, जिनके पास गैस कनेक्शन नहीं है। ऐसे उपभोक्ता मजबूरी में खुले बाजार से महंगे दामों पर गैस सिलिंडर खरीदने को विवश हैं। वहीं जिन लोगों ने बुकिंग करवाई है, उन्हें भी लंबे समय तक सप्लाई का इंतजार करना पड़ रहा है। कई उपभोक्ता बार-बार एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, तब जाकर कहीं सिलिंडर मिल पा रहा है।
मुजेसर निवासी प्रेम कुमार ने बताया कि जब उन्होंने गैस बुकिंग कराने की कोशिश की, तो उन्हें मैसेज मिला कि उनका सिलिंडर पहले ही डिलीवर हो चुका है। इस पर उन्होंने एजेंसी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं शिव दुर्गा विहार के अर्जुन सिंह और प्रदीप कुमार का कहना है कि पहले घर तक गैस सिलिंडर की नियमित सप्लाई होती थी, लेकिन अब यह सेवा बंद हो गई है। ऐसे में उन्हें खुद एजेंसी जाकर सिलिंडर लेना पड़ रहा है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।
क्या कहना है खाद्य आपूर्ति नियंत्रक का
उपभोक्ता जरूरत के अनुसार ही सिलिंडर की बुकिंग करें। सभी एजेंसियों से समय रहते घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जा रही है। अगर किसी उपभोक्ता को कोई शिकायत हो तो विभाग से संपर्क करें। समस्या का समाधान कराया जाएगा।
-कविता सिंह, खाद्य आपूर्ति नियंत्रक

