April 27, 2024

नगर निगम शहरवासियों से पानी का बिल वसूल दूर करेगा अपनी आर्थिक तंगी

Faridabad/Alive News: आर्थिक तंगी से जूझ रहे नगर निगम द्वारा लंबे समय से पानी के बिल की कोई वसूली ना होने के कारण निगम का राजस्व घाटे में है। ऐसे में अब निगम प्रशासन ने निगम का राजस्व बढ़ाने के लिए शहर वासियों से बकाया पानी के बिल की वसूली के लिए एक साथ करीब 15 हजार से ज्यादा लोगों के घर पानी का बिल भेजा है। निगम की इंजीनियरिंग ब्रांच के मुताबिक निगम ने पानी और सीवर का बकाया बिल जमा करने के लिए ऑनलाइन सेवा भी शुरू की है।

निगम सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार निगम को जिलेवासियों से डेढ़ साल से बकाया पड़े पानी के बिल की वसूली को लेकर करीब 70 करोड़ रुपयों की वसूली करनी है। लेकिन अभी निगम की ओर से शहरवासियों 50 करोड़ रुपए के बिल भेजे गए है। वहीं नगर निगम क्षेत्र में 3 लाख पानी के अवैध कनेक्शन है। जिसे वैध करने के लिए निगम द्वारा जल्द कैंप लगाए जाएंगे।

बता दें, कि पिछले साल ही हरियाणा सरकार ने एक आदेश जारी किया था कि लोगों के घर भेजा जाने वाला पानी का बिल उन्हें ऑनलाइन अर्बन लोकल बॉडी की वेबसाइट पर भरना होगा। अब लोगों को पानी का बिल भरने के लिए निगम कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

सरकार के आदेश के बाद निगम को शहरवासियों से पानी का ऑनलाइन बिल वसूलना था। इसके लिए निगम अधिकारियों ने पानी से संबंधित रेकॉर्ड को फीड करने करना भी शुरू कर दिया था। ताकि लोग ऑनलाइन बिल अदा कर सकें। निगम आईटी ब्रांच ने जोन एक और चार के लोगों को पिछले डेढ़ साल से रुके हुए पानी का बिल भेजना शुरू कर दिया है। जिसे लोगों को ऑनलाइन ही भरना होगा।