Faridabad/Alive News: शहर में बढ़ती बंदर परेशानी पर नगर निगम सक्रिय हो गया है। विभिन्न क्षेत्रों से लगातार मिल रही शिकायतों के बाद निगम की टीम ने तेजी से अभियान चलाते हुए अब तक करीब 40 बंदरों को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा है। यह जानकारी निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नीतीश परवाल ने दी।
उन्होंने बताया कि सैनिक कॉलोनी, नगर पार, इंद्र कॉम्प्लेक्स, एनआईटी क्षेत्र और बल्लभगढ़ विधानसभा के सेक्टर-3 से प्राप्त शिकायतों पर निगम की विशेष टीम ने जाल लगाकर बंदरों को पकड़ा। पकड़े गए बंदरों को गुड़-चना व केले खिलाकर शहर से दूर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जा रहा है, ताकि उन्हें कोई नुकसान न पहुंचे। यह अभियान नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देशानुसार चलाया जा रहा है।
डॉ. परवाल ने शहरवासियों से अपील की कि बंदरों से संबंधित किसी भी समस्या की सूचना तुरंत नगर निगम को दें। निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

