September 15, 2026

नगर निगम ने सेक्टर-22 में 5 लाख पौधे किए वितरित

Ballabhgarh/Alive News : नगर निगम फरीदाबाद द्वारा शीतकालीन फूलों के पौधों का विशाल वितरण कार्यक्रम आज सेक्टर-22 स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पं. मूलचंद शर्मा ने शिरकत की, जिनका पार्क पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

निगम की ओर से लगभग 5 लाख शीतकालीन पुष्प पौधों का आमजन को वितरण किया गया। इन पौधों के खिलने से घरों के आंगन, पार्कों एवं सड़कों के डिवाइडरों पर रंग-बिरंगे फूलों की बहार आएगी, जिससे पूरे क्षेत्र का वातावरण और अधिक सुंदर व स्वच्छ बनेगा।

मुख्य अतिथि पं. मूलचंद शर्मा ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधारोपण करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने इस सफल कार्यक्रम के लिए नगर निगम अधिकारियों को बधाई दी।

कार्यक्रम में निगम पार्षद रवि भगत, ज्ञानेंद्र, संगीता भारद्वाज, कार्यकारी अभियंता हरीश कुमार, एसडीओ विनोद सिंह, एसडीओ नबाव खान, जिला महामंत्री अनुराग गर्ग, कुलदीप मथारू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

गौरतलब है कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देश और निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के मार्गदर्शन में नगर निगम फरीदाबाद द्वारा 17 करोड़ से अधिक पौधे तैयार कराए गए हैं। शहरवासियों में पौधे लेने और लगाने का उत्साह लगातार बढ़ रहा है।