Mumbai/Alive News: मुंबई के मशहूर 108 साल पुराने ओलंपिया कॉफी हाउस का फूड लाइसेंस महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। 16 सितंबर को एक ग्राहक की शिकायत के बाद FDA की टीम ने कोलाबा स्थित रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया था। इस दौरान किचन और खाने को रखने की जगह पर सफाई से जुड़ी कई गंभीर कमियां सामने आईं।
FDA के मुताबिक, रेस्टोरेंट के किचन और फूड स्टोरेज एरिया में यूरिनल मिला। जांच के दौरान कॉकरोच और मक्खियां भी पाई गईं। फ्रिज में मांस का खून मिला और कच्चे शाकाहारी तथा मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने की उचित व्यवस्था नहीं थी।
35 में से 34 कर्मचारियों ने नहीं ली थी फूड सेफ्टी ट्रेनिंग
FDA की जांच में खाना फर्श पर रखने, गंदे पानी का इस्तेमाल करने और अस्वच्छ तरीके से खाना तैयार करने जैसी कमियां भी मिलीं। बर्तन धोने की जगह गंदी थी और खाना काटने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे लकड़ी के चॉपिंग बोर्ड भी खराब हालत में थे। कर्मचारियों के लिए जरूरी सुरक्षात्मक कपड़े भी उपलब्ध नहीं थे।
विभाग के अनुसार, रेस्टोरेंट में कुल 35 फूड हैंडलर काम करते हैं, जिनमें से 34 ने जरूरी फूड सेफ्टी ट्रेनिंग नहीं ली थी। जांच के दौरान पानी की अनिवार्य रिपोर्ट और सैनिटेशन से जुड़े रिकॉर्ड भी नहीं मिले।
इन कमियों के आधार पर FDA ने रेस्टोरेंट का फूड लाइसेंस तत्काल सस्पेंड कर दिया। लाइसेंस बहाल होने तक रेस्टोरेंट खाद्य पदार्थ खरीदने, बनाने, स्टोर करने, बेचने या बांटने का काम नहीं कर सकता। कमियां दूर करने और FDA की दोबारा जांच के बाद ही लाइसेंस को लेकर आगे का फैसला होगा।
ओलंपिया कॉफी हाउस की शुरुआत 1918 में हुई थी। यह मुंबई के पुराने और चर्चित कैफे में शामिल है। इस साल जुलाई में हॉलीवुड अभिनेता टॉम हॉलैंड और मैट डेमन के साथ फिल्ममेकर क्रिस्टोफर नोलन भी यहां पहुंचे थे।
नायर अस्पताल की कैंटीन का लाइसेंस भी सस्पेंड
महाराष्ट्र FDA ने मुंबई में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर कई अन्य प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की है। इनमें मिलन पंजाब, सद्गुरु स्वीट्स, विश्वास स्वीट्स एंड स्नैक्स, ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड और ए-1 जनरल एंड ड्राय फ्रूट्स शामिल हैं। इनके लाइसेंस सस्पेंड या रद्द किए गए हैं। इसके अलावा पुणे के चार और नागपुर के दो रेस्टोरेंट के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।
FDA ने मुंबई सेंट्रल स्थित नायर अस्पताल की कैंटीन का लाइसेंस भी तत्काल सस्पेंड कर दिया है। जांच में फूड सेफ्टी और साफ-सफाई से जुड़े नियमों का उल्लंघन पाया गया। विभाग के अनुसार, मरीजों और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। कैंटीन के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
त्योहारों से पहले दूध और मावे की जांच तेज
त्योहारों के मद्देनजर महाराष्ट्र FDA ने खाद्य पदार्थों की जांच तेज कर दी है। विभाग के अनुसार, राज्यभर में 2,813 किलो दूध और डेयरी उत्पाद जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 7.38 लाख रुपये बताई गई है।
मुंबई में 479 किलो खुला खोया और 958 किलो मीठा मावा जब्त किया गया। इन्हें अस्वच्छ हालत में ले जा रहे वाहन को भी जब्त किया गया। वहीं, पालघर में 174 किलो मीठा मावा जब्त किया गया है।

