August 21, 2026

मुंबई में भारी बारिश का कहर, गाड़ी के नीचे मिला 6 फीट लंबा मगरमच्छ

मुंबई के पवई इलाके में भारी बारिश के बीच गाड़ी के नीचे मिला 6 फीट लंबा मगरमच्छ।

Mumbai/Alive News: मुंबई और आसपास के इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। कई जगह जलभराव के कारण सड़क और रेल यातायात बाधित है। इसी बीच पवई इलाके में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जहां खड़ी गाड़ियों के नीचे करीब 6 फीट लंबा मगरमच्छ मिला।

यह घटना पवई स्थित चांद शाह वली दरगाह के पास की है। माना जा रहा है कि भारी बारिश और जलभराव के कारण मगरमच्छ पास की झील से निकलकर रिहायशी इलाके में पहुंच गया था।

सूचना मिलने पर वन विभाग और वन्यजीव बचाव दल की टीम मौके पर पहुंची और सुरक्षित तरीके से मगरमच्छ का रेस्क्यू किया। स्वास्थ्य जांच के बाद उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया जाएगा। इस घटना में किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ।

पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि झीलों और जलाशयों के आसपास बढ़ते निर्माण कार्यों के कारण मगरमच्छों का प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहा है, जिससे वे रिहायशी इलाकों की ओर आने लगे हैं।

भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर पश्चिम रेलवे पर पड़ा है। नवसारी-मारोली सेक्शन में रेलवे ट्रैक पर पानी भरने से कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। अहमदाबाद-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, कर्णावती एक्सप्रेस और एसी डबल डेकर एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले हेल्पलाइन नंबर 139 या आधिकारिक ऐप के माध्यम से अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार तेज हवाएं चलने, निचले इलाकों में जलभराव, बाढ़ और ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति बनी रह सकती है। हालांकि 9 जुलाई से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने और 12 जुलाई से हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

इस बीच मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे मौसम की स्थिति को देखते हुए ही बुवाई करें। जिन इलाकों में अब तक सामान्य से कम बारिश हुई है, वहां पर्याप्त नमी आने तक जल्दबाजी में बुवाई नहीं करने की सलाह दी गई है।