July 8, 2026

बारुईपुर केस मामले में आरोपी की मां ने शव लेने से किया इनकार

बारुईपुर रेप-मर्डर मामले के मुख्य आरोपी प्रभाष मंडल की मां ने शव लेने से इनकार किया।

Kolkata/Alive News: पश्चिम बंगाल के बारुईपुर रेप और मर्डर मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पुलिस एनकाउंटर में मारे गए मुख्य आरोपी प्रभाष मंडल की मां ने उसके शव को लेने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना है कि उनके बेटे ने गंभीर अपराध किया था और उसे उसके किए की सजा मिल गई।

मीडिया से बातचीत में प्रभाष मंडल की मां ने बताया कि बुधवार सुबह दो पुलिसकर्मी उनके घर आए और बेटे की मौत की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनसे पूछा कि क्या वे अस्पताल जाकर शव लेना चाहती हैं, लेकिन उन्होंने मना कर दिया क्योंकि उनके पति बीमार हैं।

उन्होंने कहा, “मैंने पुलिस से कह दिया कि मुझे शव नहीं चाहिए। उसने कोई अच्छा काम नहीं किया था। उसने गलत किया और उसे उसकी सजा मिल गई। मैं उसका शव घर नहीं लाऊंगी।”

इससे पहले बुधवार को बारुईपुर रेप और मर्डर मामले में क्राइम सीन के रिक्रिएशन के दौरान पुलिस एनकाउंटर में प्रभाष मंडल की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मौके पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीनने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बारुईपुर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) के अनुसार, पूछताछ के दौरान प्रभाष मंडल जांच में सहयोग नहीं कर रहा था और लगातार जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, 4 जुलाई को लापता हुई 11 वर्षीय बच्ची का शव अगले दिन सूर्यपुर हाट इलाके के एक तालाब से बरामद हुआ था। जांच में आरोप है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या की गई और शव को बोरी में भरकर तालाब में फेंक दिया गया।

इस घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बारुईपुर-जयनगर रोड पर जाम लगाया, टायर जलाए और पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी से कड़ी सजा की मांग की।