Mumbai/Alive News: मुंबई के भुलेश्वर इलाके में शनिवार रात गणेश प्रतिमा आगमन समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। करीब 22 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा अचानक गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों में 5 और 7 साल की दो बच्चियां भी शामिल हैं। सभी घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, गणेश प्रतिमा लालबाग से भुलेश्वर ले जाई जा रही थी। पंडाल से करीब 50-60 मीटर पहले प्रतिमा के पीछे लगा वेल्डिंग सपोर्ट टूट गया। इससे प्रतिमा का संतुलन बिगड़ गया और वह आगे मौजूद लोगों पर जा गिरी। हादसे के बाद प्रतिमा तीन हिस्सों में टूट गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, मुंबई पुलिस, ट्रैफिक पुलिस, 108 एंबुलेंस और BMC की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है।
गणेश मंडल के अध्यक्ष समेत दो की मौत
हादसे में संकेत नेवशे (33) और बृजेश हेमंत जोशी (30) की मौत हुई। संकेत नेवशे भुलेश्वरचा राजा गणेश मंडल के अध्यक्ष थे।
घायलों की पहचान वैभव घेनंद (38), पवन चौरसिया (25), लावण्या गनेर (5), दिव्या गनेर (7) और कुणाल काशिद (26) के रूप में हुई है। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
आगमन समारोह के दौरान हुआ हादसा
यह हादसा गणेश प्रतिमा के आगमन समारोह के दौरान हुआ। मुंबई में गणेशोत्सव से पहले कई गणेश मंडल प्रतिमाओं को जुलूस के जरिए पंडाल तक लेकर जाते हैं। इन जुलूसों में ढोल-ताशे, संगीत और सजावट के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में वेल्डिंग सपोर्ट टूटने को हादसे की वजह बताया गया है। हालांकि, यह भी दावा किया जा रहा है कि प्रतिमा को फैक्ट्री से बाहर निकालने से पहले उसके नट-बोल्ट में खराबी सामने आई थी। मरम्मत के बाद प्रतिमा को जुलूस के लिए रवाना किया गया था। इस दावे की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी
हादसे के बाद पुलिस और नगर निगम की टीम ने तीन हिस्सों में टूटी गणेश प्रतिमा को डंपर में रखा। इसके बाद प्रतिमा को गिरगांव चौपाटी ले जाकर समुद्र में विसर्जित कर दिया गया।
मुंबई में हजारों गणेश पंडाल
महाराष्ट्र में इस साल गणेशोत्सव 14 सितंबर से शुरू होगा। मुंबई में करीब 10,600 सार्वजनिक गणेश मंडल बताए जा रहे हैं, जबकि करीब 2,500 मंडलों ने 10 दिन के उत्सव के लिए अनुमति ली है। पूरे महाराष्ट्र में करीब 28 लाख गणेश प्रतिमाएं स्थापित होने का अनुमान है।
मुंबई में गणेश पंडालों की अनुमति के लिए ऑनलाइन सिंगल-विंडो सिस्टम शुरू किया गया है। इसके जरिए BMC के साथ स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की NOC भी ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है। आवेदन की अंतिम तारीख 13 सितंबर बताई गई है।
इस साल मुंबई के कई बड़े गणेश मंडलों ने अलग-अलग थीम तैयार की हैं। अंधेरीचा राजा में अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति बनाई जा रही है, जबकि कुछ मंडलों ने सुपरहीरो आधारित थीम चुनी है।

