August 23, 2026

एनसीपी विधायक रोहित पवार के PA की 12 साल की बेटी की संदिग्ध मौत, नाले के पास मिला शव

बारामती में नाले के पास 12 साल की बच्ची की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस जांच

Pune/Alive News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती में एनसीपी (शरद पवार) गुट के विधायक रोहित पवार के पर्सनल असिस्टेंट (PA) की 12 साल की बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बच्ची का शव रविवार सुबह साईनगर इलाके में उसके घर के पास नाले के किनारे मिला।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को किसी बात को लेकर बच्ची का अपनी मां से मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से बाहर चली गई। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू की।

रविवार सुबह पुलिस को बच्ची का शव घर के पास मिलने की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बारामती सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।

विधायक रोहित पवार ने बताया कि वह बारामती मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं, जहां बच्ची के परिवार, दोस्तों और परिचितों समेत कई लोग पहुंचे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और पुलिस अधिकारियों से करीब आधे घंटे तक बातचीत की। उन्हें बताया गया कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम शुरू हो चुका है।

पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनास्थल और आसपास के हालात की जांच कर रही है। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाने के लिए पुलिस परिवार के सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।