Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में सास की गला दबाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने बहू को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला गांव मच्छगर की रहने वाली है। इस मामले की शिकायत भीकम कॉलोनी की एक महिला ने थाना सदर बल्लभगढ़ में दी थी। उसने बताया कि उसकी सास ओमबंती अपने बड़े बेटे और बहू के साथ गांव मच्छगर में रहती थी और 16 मार्च को उनकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ओमबंती अपनी संपत्ति बेचकर पैसे अपने छोटे बेटे अमित को देना चाहती थी और जिस घर में वह रह रही थी, वह भी उसे देना चाहती थी।
इसी बात को लेकर बड़ी बहू नाराज थी। पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को बहू ने ओमबंती का गला दबाकर और छाती पर वार कर उनकी हत्या कर दी।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसे अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

