September 16, 2026

चार साल बाद भी नहीं मिला पीएनजी कनेक्शन, भूदत्त कॉलोनी के लोग परेशान

Faridabad/Alive News: भूदत्त कॉलोनी में अदाणी गैस द्वारा पीएनजी कनेक्शन देने का वादा अब तक पूरा नहीं हो सका है। करीब चार वर्ष पहले कंपनी ने कॉलोनी के सैकड़ों निवासियों से 600-600 रुपये के चेक लेकर हर घर में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन देने की बात कही थी, लेकिन आज तक कनेक्शन शुरू नहीं किए गए हैं।

कॉलोनी के लोगों का कहना है कि कंपनी ने न केवल उनसे भुगतान लिया, बल्कि घरों तक पाइपलाइन बिछाने के साथ रसोई में फिटिंग और गैस मीटर भी लगा दिए। इसके बावजूद गैस की आपूर्ति शुरू नहीं हुई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।

वर्तमान में एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग में हो रही देरी ने निवासियों की चिंता और बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि यदि एलपीजी की आपूर्ति बाधित होती है, तो उनके सामने भोजन पकाने की समस्या खड़ी हो जाएगी।

भूदत्त कॉलोनी शहर की प्रमुख कॉलोनियों में से एक मानी जाती है, जहां व्यापारी और नौकरीपेशा लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। अब ये सभी लोग कंपनी से जल्द से जल्द पीएनजी कनेक्शन शुरू करने की मांग कर रहे हैं, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

क्या कहना है लोगों का

अदानी गैस कंपनी ने जब चेक चार वर्ष पहले ले लिए तो अब तक पीएनजी कनेक्शन करने क्यों नहीं शुरू किए। अब लोगों को एलपीजी 25 दिन से पहले नहीं मिल रही है। गैस का संकट चल रहा है।

विजय मुद्द्गिल

ईरान अमेरिका, इजरायल के बीच युद्ध के चलते गैस का संकट बढ़ने का खतरा है। ऐसे में यदि घरों में पीएनजी की आपूर्ति शुरू हो जाती तो कम से कम भोजन पकाने का संकट तो नहीं रहता।

विपिन शर्मा

पीएनजी की कंपनी को तुरंत आपूर्ति शुरू करनी चाहिए। यदि आपूर्ति समय रहते हुए शुरू नहीं की तो वह इसे उपभोक्ता फोरम में चुनौती देंगे। क्योंकि उपभोक्ता को समय पर सेवा मिलनी चाहिए।

– पंकज शर्मा