Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में कृषि योग्य भूमि और प्रॉपर्टी के कलेक्टर रेट में बड़ी बढ़ोतरी की तैयारी की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा प्रस्तावित नई दरों की सूची जारी कर दी गई है और आमजन से 30 मार्च सुबह 11 बजे तक आपत्तियां और सुझाव मांगे गए हैं।
हालांकि, इस बार भी कलेक्टर रेट जल्दबाजी में तैयार किए गए हैं, जिससे लोगों को प्रतिक्रिया देने के लिए केवल दो दिन का ही समय मिला है। इससे पहले भी पिछली बार इसी तरह की प्रक्रिया अपनाई गई थी। प्रशासन के अनुसार, नई दरें 1 अप्रैल से लागू कर दी जाएंगी, जिसके बाद रजिस्ट्री कराने वालों को बढ़े हुए रेट के अनुसार शुल्क देना होगा।
ग्रेटर फरीदाबाद में सबसे ज्यादा असर
ग्रेटर फरीदाबाद क्षेत्र में कलेक्टर रेट में सबसे अधिक बढ़ोतरी प्रस्तावित है। यहां यमुना नदी की ओर विस्तार के चलते 19 गांवों में सेक्टर विकसित करने की योजना है। इसी वजह से खेड़ी कलां में 45%, खेड़ी खुर्द में 60% और ताजुपुर में 75% तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। इसके अलावा पलवली (45%), अमीपुर (30%), जसाना (25%), ढैकोला (60%), और फरीदपुर, सदपुरा, सहरावक व फैजपुर माजरा में 75% तक रेट बढ़ सकते हैं।
तहसीलों में भी बढ़ोतरी का असर
बल्लभगढ़ तहसील के ग्रामीण क्षेत्रों में 75% तक बढ़ोतरी प्रस्तावित है, जबकि रिहायशी कालोनियों में 15 से 25% और हाईवे किनारे स्थित संपत्तियों में 75% तक वृद्धि संभव है। सुनपेड़ गांव में भी कृषि भूमि के दाम 75% तक बढ़ने की संभावना है।बड़खल तहसील में लाइसेंसशुदा कालोनियों में 30%, गांवों में 25%, सेक्टर-37 व आसपास 30% और लकड़पुर गांव में 75% तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव है। पाली में 45% और नंगला गुजरान में 60% तक रेट बढ़ सकते हैं।
कमर्शियल प्रॉपर्टी भी होगी महंगी
इस बार व्यावसायिक संपत्तियों की कीमतों में भी भारी उछाल देखने को मिल सकता है। सेक्टर-16 के कमर्शियल प्लॉट का रेट 1.21 लाख रुपये से बढ़ाकर करीब 2.11 लाख रुपये प्रति वर्ग गज करने का प्रस्ताव है, जो लगभग 75% की बढ़ोतरी है। वहीं सेक्टर 79-83 और बड़खल क्षेत्र में भी 45 से 60% तक बढ़ोतरी की संभावना है।
हाउसिंग सेक्टर पर भी असर
नई दरों का प्रभाव हाउसिंग सेक्टर पर भी पड़ेगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण और हाउसिंग बोर्ड के फ्लैट की कीमतों में 30 से 75% तक वृद्धि हो सकती है। बल्लभगढ़ तहसील की कालोनियों में रेट 33 हजार रुपये से बढ़ाकर 47,850 रुपये प्रस्तावित किए गए हैं।
तहसीलदार सुमेर सिंह के अनुसार, अंतिम रूप देने के बाद नई दरें 1 अप्रैल से लागू कर दी जाएंगी।

