August 21, 2026

नमी से बिजली व्यवस्था बिगड़ी, 20 से अधिक सेक्टरों में घंटों गुल रही बिजली सप्लाई

Noida/Alive News :बारिश के बाद बिजली फीडरों और लाइनों में आई नमी के कारण शहर की बिजली व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। तकनीकी फॉल्ट बढ़ने से शनिवार को नोएडा के 20 से अधिक सेक्टरों में अलग-अलग समय पर बिजली आपूर्ति बाधित रही। कई इलाकों में उपभोक्ताओं को करीब पांच घंटे तक कटौती झेलनी पड़ी, जिससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।

बारिश से गर्मी जरूर कम हुई है, लेकिन बिजली निगम के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। तापमान और बिजली की मांग घटने के बावजूद आपूर्ति में सुधार नहीं हो पा रहा है। विभाग के अनुसार फीडरों और लाइनों में नमी आने से बार-बार तकनीकी फॉल्ट हो रहे हैं, जिन्हें ठीक करने में कर्मचारियों और अभियंताओं को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। सेक्टर-84 स्थित बिजली उपकेंद्र पर भी बारिश के कारण तकनीकी समस्या आने से आसपास के क्षेत्रों की आपूर्ति प्रभावित हुई।

बिजली कटौती का असर सेक्टर-11, 12, 15, 19, 20, 22, 25, 27, 31, 33, 34, 37, 40, 41, 43, 45, 46, 49, 53, 55, 56, 61, 71, 72, 75, 76, 77, 78, 85, 99, 100, 102, 104, 105, 108, 110, 122 और 135 समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिला। इन इलाकों के उपभोक्ताओं को सुबह और शाम के समय सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।

उधर, बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के लिए विभाग ने फॉल्ट दूर करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। दो मोबाइल वैन को मौके पर तैनात किया गया है, जबकि दो फॉल्ट लोकेटर मशीनों की मदद से खराबी का तत्काल पता लगाकर उसे ठीक किया जा रहा है। इसके अलावा बिजली फीडरों को वैकल्पिक लाइनों से जोड़ने, ट्रांसफार्मरों और फीडरों पर लोड संतुलित करने तथा जर्जर बिजली ढांचे की मरम्मत का कार्य भी लगातार किया जा रहा है।

कोट

उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। हालांकि तकनीकी दिक्कतों के चलते कुछ समय के लिए आपूर्ति बाधित हो रही है। प्रयास किए जा रहे है आने वाले दिनों में होने वाली बारिश में बेहतर सप्लाई दी जा सके। 

— विवेक कुमार पटेल, अधीक्षण अभियंता (तकनीकी), विद्युत निगम