July 11, 2026

फरीदाबाद में अवैध शराब तस्करों पर की बड़ी कार्रवाई, 23 गिरफ्तार; 4 हजार से अधिक पव्वे और नकदी बरामद

फरीदाबाद पुलिस द्वारा अवैध शराब तस्करी मामले में बरामद शराब और गिरफ्तार आरोपी

Faridabad/Alive News: अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में कार्रवाई करते हुए 4,029 पव्वे, 39 बोतल और 10 अध्धे देशी शराब, 52 पव्वे और 20 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ 27,800 नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, स्थानीय एवं विशेष अधिनियम के तहत चलाए जा रहे अभियान के दौरान अपराध शाखा और विभिन्न थाना पुलिस की टीमों ने 23 अलग-अलग मामले दर्ज कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने अनखीर सब्जी मंडी के पीछे एक कमरे में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। यहां से 2,740 पव्वे और 40 पव्वे देशी शराब (कुल 54 पेटियां) बरामद की गईं, जो इस अभियान की सबसे बड़ी बरामदगी रही।

इसके अलावा विभिन्न अपराध शाखाओं ने अलग-अलग स्थानों से देशी और अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें सेक्टर-30, सेक्टर-16, सेक्टर-65, सिकरोना, ऊंचा गांव, सेक्टर-56, एनआईटी और बॉर्डर अपराध शाखा की टीमें शामिल रहीं। कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में शराब के साथ ₹27,800 नकद भी बरामद किए गए।

थाना और पुलिस चौकी स्तर पर भी व्यापक अभियान चलाया गया। पुलिस चौकी पाली, सैनिक कॉलोनी, संजय कॉलोनी, टाउन-3, अनखीर, सेक्टर-11 तथा थाना एसजीएम नगर, सारन, कोतवाली, ओल्ड फरीदाबाद, शहर बल्लभगढ़ और सदर बल्लभगढ़ की टीमों ने अलग-अलग स्थानों से कई आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की।

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है।