August 10, 2026

एनआईटी बस स्टैंड पर मिले नाबालिग लड़के को किया परिजनों के हवाले

Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच की टीम ने चाइल्ड हेल्प लाइन के साथ मिलकर मथुरा से लापता हुए एक 12 वर्षीय लड़के को उसके परिजनों के हवाले किया है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि पुलिस को एनआईटी बस स्टैंड पर सुबह करीब 4 बजे एक लड़का लावारिस हालत में घूमता हुआ दिखाई दिया। जिसके बाद पुलिस तथा चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने मिलकर बच्चे को अपने साथ लेकर उसके बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश की।

लड़के ने बताया कि वह 2 वर्ष पहले फरीदाबाद में स्थित करम मार्ग आश्रम में रहा था। इसके पश्चात पुलिस टीम ने बच्चे के घर का पता लगाने के लिए करम मार्ग शेल्टर होम में संपर्क किया। आश्रम में पूछताछ करने पर पता चला कि लड़का इससे पहले भी अपने घर से भाग कर आया था जब आश्रम में रुका था। आश्रम में उसके परिजनों का नाम और पता लिखा हुआ था।

लड़का मथुरा जिले के एटीवी नगर का रहने वाला है। बाल कल्याण समिति ने मथुरा की बाल कल्याण समिति के माध्यम से बच्चे के परिजनों का पता लगाया जिसके पश्चात लड़के के परिजनों ने उसकी पहचान की। लड़के के परिजनों ने बताया कि लड़का चंचल स्वभाव का है और कई बार घर से भाग चुका है। यह लड़का रेलगाड़ी में पानी व अन्य सामान बेचने वाले लड़कों के साथ घुल मिलकर उनके साथ चला जाता है जिसे कई बार पुलिस व बाल कल्याण समिति द्वारा बरामद किया जा चुका है। लड़के के परिजनों को लड़के का ध्यान रखने की हिदायत देकर उसे उसके परिजनों के हवाले किया गया।