June 6, 2026

शहीद दिवस पर एनआईटी क्षेत्र में मेगा पदयात्रा, सुबह 6 से 11 बजे तक कई मार्ग रहेंगे बंद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में 23 मार्च शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली मेगा पदयात्रा को लेकर यातायात पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। पदयात्रा के दौरान बीके चौक से शहीद भगत सिंह चौक तक का मार्ग सुबह 6 बजे से 11 बजे तक पूरी तरह यातायात के लिए बंद रहेगा।

इस अवधि में सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा और संबंधित मार्ग पर पार्किंग की भी अनुमति नहीं होगी। पुलिस के अनुसार ‘मेरा युवा भारत’ के तत्वावधान में आयोजित यह पदयात्रा केएल मेहता कॉलेज से शुरू होकर डीसीपी एनआईटी कार्यालय के सामने से होते हुए केसी रोड के रास्ते शहीद भगत सिंह चौक, एनआईटी-5 तक पहुंचेगी।

कार्यक्रम में स्कूलों, कॉलेजों, आईटीआई और एनसीसी के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित समय के दौरान केसी रोड और आसपास के मार्गों से बचें तथा वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।

आपातकालीन सेवाओं को प्राथमिकता के साथ मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, यातायात पुलिस मौके पर तैनात रहकर लोगों को मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करेगी। इस ड्यूटी व्यवस्था की जिम्मेदारी एसीपी ट्रैफिक शैलेंद्र कुमार को सौंपी गई है।