March 7, 2026

चंदावली में महापौर ने किया श्रमदान, रक्तदाताओं व सफाईकर्मियों का किया सम्मान

Faridabad/Alive News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री नायब सिंह के विकसित हरियाणा के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए फरीदाबाद नगर निगम की महापौर प्रवीण बत्तरा जोशी ने वीरवार को गांव चंदावली में श्रमदान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण और रक्तदान शिविर का आयोजन किया।

महापौर ने कहा कि जब हर गांव और शहर विकसित होगा, तभी मोदी जी का सपना पूरा होगा। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने श्रमदान से की और ग्रामीणों के साथ मिलकर झाड़ू लगाकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

स्थानीय पार्षद प्रदीप टोंगर के नेतृत्व में आयोजित रक्तदान शिविर में महापौर ने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि “रक्तदान सबसे बड़ा दान है, इससे कई लोगों की जान बचाई जा सकती है।”

इस मौके पर महापौर ने सफाई मित्रों का सम्मान भी किया और ग्रामीणों से अपील की कि वे स्वच्छता को आदत बनाएं। उन्होंने बताया कि नगर निगम अब हर वार्ड में विशेष सफाई अभियान चला रहा है। जेसीबी, ट्रैक्टर और कर्मचारी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही, वार्ड स्तर पर स्वच्छता सर्वेक्षण होगा, जिसमें प्रथम आने वाले वार्ड को एक करोड़ रुपये का अतिरिक्त काम मिलेगा।

महापौर ने ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और निगम अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि पखवाड़े में समाधान न हो तो लोग पार्षद के साथ सीधे उनसे मिलें।

गांव में पहुंचने पर ग्रामीणों ने महापौर का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर निगम की अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा, संयुक्त आयुक्त और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।