June 27, 2026

सेवा पखवाड़ा: निगम आयुक्त ने किया श्रमदान, दिया स्वच्छता का संदेश

Faridabad/Alive News: सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने शुक्रवार को सनफ्लैग और मेट्रो हॉस्पिटल रोड पर श्रमदान किया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

इस मौके पर उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे अपने आसपास सफाई बनाए रखने में सहयोग करें और प्लास्टिक कचरे व प्रतिबंधित पॉलिथिन से बचें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता हम सभी की साझा जिम्मेदारी है और सेवा पखवाड़ा जैसे अभियान शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का अवसर देते हैं।

कार्यक्रम में पार्षद कुलदीप साहनी और शेफाली सिंगला के साथ मेट्रो हॉस्पिटल के करीब 50 कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक श्रमदान किया। सड़क पर फैला प्लास्टिक और कचरा निगम आयुक्त ने स्वयं उठाया और लोगों को साफ-सफाई में भागीदार बनने का संदेश दिया।

इस अवसर पर उपस्थित पार्षदों, मेट्रो हॉस्पिटल कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों ने भी अभियान की सराहना की और स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ओल्ड फरीदाबाद के जॉइंट कमिश्नर राजेश कुमार, सफाई निरीक्षक जयवीर चौहान और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।