May 18, 2024

महिलाओं के लिए सीट आरक्षित होने के साथ शुरू हुई मेयर प्रत्याशी की दौड़

Faridabad/Alive News : शुक्रवार को फरीदाबाद, गुरुग्राम और सोनीपत नगर निगम में मेयर का पद महिलाओं के लिए आरक्षित होने के बाद मेयर बनने का सपना देख रहे पुरुष प्रत्याशियों को बड़ा झटका लगा है। दूसरी ओर घोषणा होने के तुरंत बाद ही आम आदमी पार्टी, भाजपा और कांग्रेस के संभावित प्रत्याशियों के नामों की चर्चा शुरू हो गई है। भाजपा की ओर से हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया, निवर्तमान मेयर सुमन बाला, भाजपा नेत्री एवं पूर्व पार्षद नीरा तौमर और अन्य प्रमुख नामों की चर्चा सोशल मीडिया पर होनी शुरू हो गई है।

उधर, आम आदमी पार्टी की ओर से दावेदारों ने अपने आपको पीछे कर अपनी पत्नी, बेटी और पुत्रवधू की टिकट के लिए दिल्ली में बैठे प्रदेश के नेताओं से संपर्क करना शुरू कर दिया है। जिसमें आम आदमी पार्टी के दबंग नेता और खुलकर भाजपा के केंद्रीय राज्यमंत्री का कृषणपाल का विरोध करने वाले कमल सिंह तंवर की पुत्रवधू राधा चौहान मेयर पद की प्रत्याशी हो सकती हैं। ऐसे में यह चर्चा भी है कि केंद्रीय राज्य मंत्री की पुत्रवधू सुलेखा चौधरी भी मेयर पद का चुनाव लड़ सकती हैं।

कांग्रेसी की ओर से बड़खल विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी रहे विजयप्रताप की पत्नी और पूर्व मंत्री चौ. महेंद्र प्रताप सिंह की पुत्रवधू वेणुका खुल्लर हो सकती हैं। वेणुका खुल्लर अपने ससुर पूर्व मंत्री चौ. महेंद्र प्रताप सिंह और पति विजय प्रताप सिंह के चुनाव में हमेशा सक्रिय राजनीति में रही हैं। अगर ऐसा होता है तो दो राजनीतिक घरानों की पुत्रवधुओं के बीच इस चुनाव में एक दिलचस्प और रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।