June 6, 2026

नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी, फरीदाबाद पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवेश (प्रताप नगर, नॉर्थ दिल्ली) और सन्नी ( निवासी बुध बाजार, दिल्ली) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद के ददसिया निवासी संजीत कुमार ने शिकायत दी थी कि उसकी पहचान आकाश नाम के व्यक्ति से हुई थी। आकाश ने खुद को नौकरी दिलाने वाला बताया और भरोसा जीत लिया। इसके बाद संजीत ने अपने साले को नौकरी दिलाने के लिए 3,14,000 रुपये आकाश के खाते में ट्रांसफर कर दिए।

इतना ही नहीं, संजीत ने अन्य लोगों को भी आकाश से मिलवाया। इसके बाद आकाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर कई लोगों से नौकरी के नाम पर कुल 31,74,000 रुपये ठग लिए।

इस मामले में थाना SGM नगर में केस दर्ज किया गया। पुलिस जांच में पता चला कि आकाश की मुलाकात शिकायतकर्ता से साल 2022 में हुई थी और तभी से उसने ठगी शुरू कर दी थी।

पुलिस ने मुख्य आरोपी आकाश को 14 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया था और रिमांड के बाद उसे जेल भेज दिया गया। अब उसके दो साथियों प्रवेश और सन्नी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को अदालत में पेश कर 3 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।