Faridabad/Alive News: थाना सारन क्षेत्र में नंगला-खेड़ी गुजरान रोड पर मिले व्यक्ति के शव मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान गांव सारन निवासी 24 वर्षीय करण के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 14/15 मई की रात गांव सारन निवासी मुकेश कुमार (51) की हत्या कर शव को नंगला-खेड़ी गुजरान रोड पर फेंक दिया गया था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि फ्रंटियर कॉलोनी, एनआईटी निवासी रवि ने शिकायत दी कि 14 मई की रात करीब 8:30 बजे उसकी बुआ का फोन आया। उन्होंने बताया कि उसके फूफा मुकेश कुमार अभी तक घर नहीं लौटे हैं और करण उन्हें अपने साथ ले गया था।
इसके बाद परिजनों ने मुकेश कुमार की तलाश शुरू की। देर रात उनका शव नंगला-खेड़ी गुजरान रोड पर मिला। शिकायत के आधार पर थाना सारन में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि करण की जान-पहचान मृतक मुकेश की बेटी से थी। मुकेश कुमार उसे अपनी बेटी से मिलने से रोकता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी हो चुकी थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि करण ने मुकेश को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 14 मई की शाम वह मुकेश को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और नंगला-खेड़ी गुजरान रोड पर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे शनिवार को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

