Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की किडनैपिंग एबडक्शन टीम (KAT) ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए बिहार से गुम हुई एक नाबालिग लड़की को उसके परिवार से मिलवा दिया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 25 मार्च को पुलिस चौकी सीकरी क्षेत्र में करीब 15 वर्षीय एक नाबालिग लड़की लावारिस हालत में घूमती हुई मिली थी। लड़की के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) फरीदाबाद की मदद से उसे सुरक्षित रूप से ग्रीन फील्ड स्थित SOS संस्था में रखवाया।
इसके बाद किडनैपिंग एबडक्शन टीम (KAT) ने लड़की की काउंसलिंग कर उसकी पहचान और परिवार के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया। लड़की को अपने माता-पिता और घर के बारे में ज्यादा जानकारी याद नहीं थी। उसे सिर्फ इतना याद था कि वह बिहार के पश्चिम चंपारण जिले की रहने वाली है।
इसके बाद KAT टीम ने पश्चिम चंपारण जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से संपर्क किया और लड़की की फोटो व्हाट्सएप के माध्यम से साझा की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस को लड़की के घर और परिवार की जानकारी मिल गई।
पूरी पहचान की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने नाबालिग लड़की को सकुशल उसके परिजनों के हवाले कर दिया। लड़की के परिवार ने फरीदाबाद पुलिस का धन्यवाद किया।

