June 5, 2026

मालवीय नगर अग्निकांड: आरोपी लवकेश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड  

New Delhi/Alive News: मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी लवकेश बजाज को लेकर जांच में नए खुलासे सामने आए हैं। दिल्ली पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि वह पहले भी फर्जी दस्तावेजों के एक मामले में जेल जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, लवकेश बजाज पर आरोप है कि उसने पैसे लेकर दो बांग्लादेशी नागरिकों को अपने पते का इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी, ताकि वे भारतीय पासपोर्ट और आधार कार्ड बनवा सकें। इस मामले में उसके खिलाफ पहले से ही एक आपराधिक केस दर्ज है।

सूत्रों के मुताबिक, जनवरी 2025 में फर्जी पासपोर्ट और दस्तावेज तैयार कराने के आरोप में लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया गया था। वह करीब 15 दिन तक तिहाड़ जेल में रहा और बाद में जमानत पर रिहा हो गया। इस मामले की सुनवाई अभी भी अदालत में चल रही है।

वर्तमान में लवकेश बजाज मालवीय नगर होटल अग्निकांड मामले में पुलिस हिरासत में है। इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस होटल के अकाउंटेंट जय मिश्रा और मैनेजर राकेश की भी तलाश कर रही है। जय मिश्रा घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई जगहों पर छापेमारी की जा रही है।

पुलिस होटल के अन्य कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों की जांच साथ-साथ चल रही है और पूछताछ के दौरान और भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

दिल्ली पुलिस ने कई स्थानों पर छापेमारी के बाद लवकेश बजाज को गिरफ्तार किया था। उसे अदालत में पेश किया गया, जहां से चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।

इस भीषण आग हादसे में 21 लोगों की जान चली गई, जबकि 47 लोगों को सुरक्षित बचाया गया। इनमें से 26 घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कई घायलों का उपचार अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में किया जा रहा है, जिनमें बचाव कार्य में शामिल कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।