August 26, 2026

कॉकरोच जनता पार्टी को दिल्ली हाई कोर्ट से राहत  

New Delhi/Alive News: दिल्ली हाई कोर्ट ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को रोकने के लिए दायर जनहित याचिका (PIL) पर तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। सीजेपी ने 6 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का आह्वान किया है।

यह याचिका एनजीओ ‘सेव इंडिया फाउंडेशन’ की ओर से दायर की गई थी, जिसमें प्रदर्शन के दौरान रोकथाम, नियमन और भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई थी। मामले का उल्लेख अवकाशकालीन पीठ के समक्ष किया गया, लेकिन अदालत ने इसे तत्काल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने से मना कर दिया।

रिपोर्ट के अनुसार, अदालत ने कहा कि संबंधित मामलों में पहले ही एकल पीठ द्वारा रिट याचिकाएं खारिज की जा चुकी हैं। ऐसे में ये अपीलें अब प्रभावहीन हो गई हैं। कोर्ट ने इन अपीलों को बेअसर मानते हुए खारिज कर दिया, हालांकि भविष्य में ऐसे मामलों पर कानूनी प्रश्नों को विचार के लिए खुला रखा गया है।

क्या है कॉकरोच जनता पार्टी?

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) एक राजनीतिक व्यंग्य आधारित अभियान है, जिसकी शुरुआत बोस्टन में रहने वाले Abhijeet Dipke ने की थी। यह समूह बेरोजगारी, संस्थागत जवाबदेही और मीडिया की स्वतंत्रता जैसे मुद्दों को उठाता है।

इस आंदोलन की चर्चा 15 मई को हुई एक सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई के बाद शुरू हुई थी। उस दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश Surya Kant की एक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। बाद में उन्होंने स्पष्ट किया था कि उनकी टिप्पणी फर्जी डिग्री धारकों और गलत गतिविधियों में शामिल लोगों के संदर्भ में थी।

सीजेपी ने हाल में NEET पेपर लीक और CBSE परीक्षा से जुड़े विवादों के विरोध में 6 जून को जंतर-मंतर पर सभा बुलाने की घोषणा की है। संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की है।