New Delhi/Alive News: NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI ने नौवीं आरोपी मनीषा मंधारे को गिरफ्तार कर राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने मनीषा मंधारे को 14 दिन की CBI कस्टडी में भेज दिया है।
मनीषा मंधारे महाराष्ट्र के पुणे की बायोलॉजी लेक्चरर हैं। CBI के अनुसार वह NTA की पेपर सेटिंग कमेटी का हिस्सा थीं और उन्हें पहले से पता था कि परीक्षा में कौन से सवाल आने वाले हैं। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा से पहले पुणे में स्पेशल कोचिंग क्लास चलाई, जहां छात्रों को बॉटनी और जूलॉजी के संभावित सवाल और जवाब लिखवाए गए।
जांच में यह भी सामने आया है कि पुणे की ब्यूटीशियन मनीषा वाघमारे छात्रों को इस रैकेट से जोड़ती थी और उन्हें मंधारे की कोचिंग तक पहुंचाती थी। CBI का दावा है कि दोनों ने छात्रों और उनके परिजनों से लाखों रुपये लेकर लीक पेपर उपलब्ध करवाए।
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
CBI ने इस मामले में अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे और अहिल्यानगर से 9 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें शिक्षक, दलाल और छात्र शामिल हैं।
मनीषा मंधारे – बायोलॉजी लेक्चरर, महाराष्ट्र
आरोप: छात्रों को लीक सवाल और जवाब पढ़ाए।
पीवी कुलकर्णी – केमिस्ट्री प्रोफेसर, महाराष्ट्र
आरोप: परीक्षा से पहले छात्रों को सवाल और जवाब बताए।
मनीषा वाघमारे – ब्यूटीशियन, महाराष्ट्र
आरोप: छात्रों को पेपर लीक नेटवर्क से जोड़ती थी।
धनंजय लोखंडे – दलाल, महाराष्ट्र
आरोप: पेपर के सौदे करवाने में शामिल।
शुभम खैरनार – दलाल, महाराष्ट्र
आरोप: टेलीग्राम पर सवालों की PDF तैयार की।
यश यादव – दलाल, हरियाणा
आरोप: 15 लाख रुपये देकर पेपर हासिल किया।
मांगीलाल बिंवाल – राजस्थान
आरोप: 45 लाख रुपये में पेपर की डील की।
दिनेश बिंवाल – राजस्थान
आरोप: पेपर लीक नेटवर्क में शामिल।
विकास बिंवाल – MBBS छात्र, राजस्थान
आरोप: परिवार के साथ रैकेट का हिस्सा।
कुलकर्णी के घर हुई थी स्पेशल क्लास
CBI के मुताबिक, केमिस्ट्री प्रोफेसर पीवी कुलकर्णी कई सालों तक NEET पेपर सेटिंग पैनल से जुड़े रहे। एजेंसी का दावा है कि उन्होंने अप्रैल के आखिरी सप्ताह में अपने घर पर स्पेशल क्लास लेकर छात्रों को वही सवाल और जवाब बताए थे, जो बाद में परीक्षा में आए।
NTA में बड़े प्रशासनिक बदलाव
पेपर लीक विवाद के बीच केंद्र सरकार ने NTA में चार नए अधिकारियों की नियुक्ति की है। IRS अधिकारी आकाश जैन और आदित्य राजेंद्र भोजगढिया को जॉइंट डायरेक्टर बनाया गया है। वहीं अनुजा बापट और रुचिता विज को जॉइंट सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है।
3 मई को हुई परीक्षा, बाद में रद्द
NEET-UG 2026 परीक्षा 3 मई को देश के 551 शहरों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित हुई थी। इसमें करीब 23 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। NTA को 7 मई को परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना मिली, जिसके बाद मामला केंद्रीय एजेंसियों को सौंपा गया। 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई और 21 जून को दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया।
सुप्रीम कोर्ट में NTA को भंग करने की मांग
यूनाइटेड डॉक्टर्स फ्रंट (UDF) ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर NTA को भंग करने की मांग की है। याचिका में कहा गया है कि NTA की जगह संसद के कानून के तहत नई राष्ट्रीय परीक्षा संस्था बनाई जाए। साथ ही कोर्ट की निगरानी में एक समिति बनाने की मांग की गई है, जो राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं की प्रक्रिया की निगरानी करे और पेपर लीक जैसी घटनाओं को रोके।

