New Delhi/Alive News: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में रविवार सुबह त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (12431) के दो कोचों में आग लग गई। हादसा सुबह करीब 5:15 बजे कोटा मंडल के लूण रीछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ।
आग ट्रेन के बी-1 एसी कोच और उसके पीछे लगे सेकेंड लगेज कम गार्ड वैन में लगी थी। गार्ड ने सबसे पहले इसकी जानकारी लोको पायलट को दी, जिसके बाद तुरंत ट्रेन रोकी गई। रेलवे कर्मचारियों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए करीब 15 मिनट में बी-1 कोच में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कुछ ही मिनटों में आग पूरे कोच में फैल गई। हालांकि, इस हादसे में किसी यात्री को चोट नहीं आई। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक कुछ यात्रियों का सामान आग में जल गया है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
कोटा पहुंचने से पहले हुआ हादसा
त्रिवेंद्रम राजधानी रविवार सुबह करीब 3:45 बजे रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी। ट्रेन का अगला स्टॉप कोटा जंक्शन था। राजस्थान में प्रवेश करने से पहले विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के पास एसी कोच में आग लग गई, जो बाद में पीछे लगे लगेज कोच तक पहुंच गई। लगेज कोच में यात्रियों का सामान रखा था, लेकिन उसमें कोई यात्री मौजूद नहीं था।
बिजली कनेक्शन काटा, ट्रैक पर रोका गया ट्रैफिक
हादसे के बाद रेलवे ने ट्रेन का बिजली कनेक्शन तुरंत काट दिया और प्रभावित कोचों को ट्रेन से अलग कर दिया। दिल्ली-मुंबई रेलवे ट्रैक पर कुछ समय के लिए रेल यातायात भी रोक दिया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
इसके बाद यात्रियों को दूसरे कोचों में शिफ्ट किया गया और ट्रेन को करीब साढ़े चार घंटे बाद कोटा के लिए रवाना किया गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कोटा में अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा, जिसमें प्रभावित कोच के यात्रियों को बैठाया जाएगा।
कई ट्रेनों का शेड्यूल प्रभावित
कोटा मंडल के सीनियर डिवीजनल कमर्शियल मैनेजर सौरभ जैन ने बताया कि इस हादसे के कारण दोनों दिशाओं में चलने वाली 5 से 6 ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा। कई ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोकना पड़ा। यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं।

