May 22, 2024

उद्घाटन कार्यक्रम में नही बुलाए जाने से स्थानीय विधायक नाराज, पत्र लिख शिकायत दी विधानसभा अध्यक्ष को

Faridabad/Alive News : नगर निगम अधिकारियों ने सेक्टर-28 में सामुदायिक भवन के विस्तारीकरण के उद्घाटन कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजेश नागर को नहीं बुलाया तो नाराज विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर नाराजगी जताई है और निगम अधिकरियों पर प्रोटोकाल का पालन न करने का आरोप लगाया है। चुनावी सीजन की शुरूआत होने के साथ-साथ अब सत्ता पार्टी के नेताओं का मनमुटाव सामने आने लगा है। यही नहीं जिले के अधिकारी भी गुटों में बंट गए हैं।

नगर निगम के अधिकारियों ने सेक्टर-28 में सामुदायिक भवन का विस्तारीकरण का उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर से करवा दिया, लेकिन कार्यक्रम में स्थानीय विधायक राजेश नगर को नहीं आमंत्रित किया गया।

इस बात से नाराज विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष का पत्र लिखकर नाराजगी जताई है और निगम अधिकरियों पर प्रोटोकाल का पालन न करने का आरोप लगाया है। विधायक ने इसके लिए जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ उचित कार्यवाही करने की मांग की है।

बता दें कि दो जुलाई को नगर निगम की ओर से सेक्टर 28 सामुदायिक भवन के विस्तारीकरण के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। अधिकारियों ने केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर को आमंत्रित कर उद्घाटन करा दिया। इस बात की जानकारी होने पर तिगांव विधायक राजेश नागर ने विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर अपनी शिकायत दर्ज कराई है।

उन्हाेंने शिकायत में कहा है कि उनके विधानसभा क्षेत्र का कार्यक्रम होने के बाद भी उन्हें सूचना नही दी गई और न ही बुलाया गया। यही नहीं विस्तारीकरण के शिलापट्‌ट तक पर नाम अंकित नहीं किया गया। यह अपमानजनक है। निगम अधिकारियों ने प्रोटोकाल का भी पालन नहीं किया गया।

उन्हाेंने इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है। निगम सूत्रों की मानें तो अपनी कुर्सी बचाने के लिए अधिकारी भी कई गुटों में बंटे हैं। सभी अपने-अपने चहेते विधायकों के पक्ष में लगे रहते हैं। एक गुट बड़े मंत्री के यहां हाजिरी लगाता है तो दूसरा गुट छोटे मंत्री के यहां। इससे शहर का बेड़ा गर्क को रहा है।