Noida/Alive News: लगातार हो रही हल्की बारिश से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। हालांकि अब मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। अब दो दिन बाद आसमान काफी हद तक साफ रहने की संभावना है, लेकिन इसके बाद फिर बादल लौट सकते हैं। इस बीच तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी। अच्छी बात यह है कि बारिश के कारण नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा अभी भी साफ बनी हुई है।
बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिनभर बादल छाए रहे और हल्की बारिश के भी आसार बने रहे। मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
शुक्रवार से तापमान में हल्की बढ़ोतरी शुरू होगी। साथ ही तापमान 32 से 25 डिग्री और शनिवार को 33 से 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किये जाने के साथ आसमान साफ रहने के आसार है, जबकि रविवार और सोमवार को तापमान 34 से 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मंगलवार को तापमान 35 से 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। साथ ही बारिश के आसार है।
बारिश का असर हवा की गुणवत्ता पर भी दिख रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार बुधवार को नोएडा का एक्यूआई 57 और ग्रेटर नोएडा का 86 दर्ज किया गया। दोनों शहरों की हवा फिलहाल संतोषजनक और ग्रीन जोन में बनी हुई है, जिससे लोगों को साफ हवा में सांस लेने का मौका मिल रहा है।

