Noida/Alive News: सेक्टर-39 स्थित जिला अस्पताल में अब मरीजों को अत्याधुनिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की सुविधा सरकारी स्तर पर ही मिल सकेगी। यामाहा कंपनी ने अपनी कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) योजना के तहत अस्पताल को आधुनिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी मशीन उपलब्ध कराई है। इस मशीन के शुरू होने से मरीजों को छोटे चीरे के जरिए जटिल ऑपरेशन की सुविधा मिलेगी। इससे न केवल ऑपरेशन के दौरान दर्द और रक्तस्राव कम होगा, बल्कि मरीज जल्दी स्वस्थ होकर कम समय में अस्पताल से छुट्टी भी पा सकेंगे। खास बात यह है कि अब जिले के मरीजों को इस सुविधा के लिए निजी अस्पतालों या दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
मंगलवार को अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में यामाहा कंपनी के डायरेक्टर नागाशिमा असुषि की मौजूदगी में मशीन का विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने बताया कि लेप्रोस्कोपिक सर्जरी आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की महत्वपूर्ण तकनीक है। इसमें दूरबीन की मदद से बहुत छोटे चीरे के जरिए ऑपरेशन किया जाता है। इस तकनीक से मरीज को कम दर्द होता है, संक्रमण का खतरा कम रहता है, रक्तस्राव न्यूनतम होता है और रिकवरी भी तेजी से होती है। ऐसे मरीजों को लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहने की आवश्यकता नहीं पड़ती।
उन्होंने कहा कि इस अत्याधुनिक मशीन के आने से जिला अस्पताल में सर्जरी सेवाओं की गुणवत्ता और बेहतर होगी। अब पित्त की थैली, अपेंडिक्स, हर्निया सहित कई सामान्य और जटिल ऑपरेशन आधुनिक तकनीक से किए जा सकेंगे। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को भी उच्च गुणवत्ता का इलाज सरकारी अस्पताल में ही उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम में डॉ. अरुणा सिंह, डॉ. एच.एम. लावनिया, डॉ. राहुल वर्मा, डॉ. असद महमूद सहित अन्य चिकित्सक, अधिकारी और अस्पताल के कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सीएमएस डॉ. अशोक कुमार झा ने यामाहा कंपनी के डायरेक्टर नागाशिमा असुषि को जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में योगदान के लिए अशोक स्तंभ का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

