July 23, 2026

वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद

Faridabad/Alive News: वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र में हुई मोटरसाइकिल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सरस्वती कॉलोनी निवासी प्रिंस उर्फ नैतल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, टिटू कॉलोनी निवासी जुबेर अली ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 5 जुलाई 2026 को उन्होंने अपनी मोटरसाइकिल अशोका एन्क्लेव पार्ट-2, सेक्टर-37 में खड़ी की थी। कुछ देर बाद लौटने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। शिकायत के आधार पर थाना सराय ख्वाजा में चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वारदात के समय मोटरसाइकिल में चाबी लगी हुई थी। उसने मौके का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल चोरी कर ली। बाद में उसने मोटरसाइकिल को अपनी बताकर अपने एक दोस्त को चलाने के लिए दे दिया था। पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर मामले में आगे की कार्रवाई पूरी कर ली है।