June 6, 2026

लघु उद्योग भारती फरीदाबाद का स्थापना दिवस मनाया गया, 30 नए सदस्य जुड़े

Faridabad/Alive News: लघु उद्योग भारती फरीदाबाद द्वारा सेक्टर-21 सी स्थित पार्क प्लाजा होटल में संगठन का स्थापना दिवस और द्वितीय कार्यकारिणी बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्यमियों और पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से 30 नए सदस्यों को सदस्यता दिलाई गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड फरीदाबाद के रीजनल ऑफिसर संदीप सिंह और बल्लभगढ़ के रीजनल ऑफिसर हरीश कुमार मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने उद्योगों और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उद्योगों और समाज की भी साझा जिम्मेदारी है।

संदीप सिंह ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी है। उन्होंने उद्योगों से प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों का पालन करने और पर्यावरण हितैषी तकनीक अपनाने की अपील की। साथ ही आश्वासन दिया कि पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए सहयोग करता रहेगा।

वहीं हरीश कुमार ने कहा कि उद्योग और पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि उद्योग निर्धारित मानकों का पालन करें तो विकास और स्वच्छ वातावरण दोनों साथ-साथ बनाए रखे जा सकते हैं। उन्होंने उद्यमियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम में लघु उद्योग भारती फरीदाबाद के अध्यक्ष अमृत कोच्चर, महासचिव दिनेश शर्मा और कोषाध्यक्ष राजकुमार भगत ने अतिथियों का स्वागत किया।

अध्यक्ष अमृत कोच्चर ने कहा कि लघु उद्योग भारती लगातार उद्योगों की समस्याओं को सरकार और संबंधित विभागों तक पहुंचाने का कार्य कर रही है। संगठन छोटे और मध्यम उद्योगों को मजबूत मंच देने के साथ उन्हें नई नीतियों और योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराता है। उन्होंने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि बढ़ती सदस्य संख्या संगठन पर उद्यमियों के विश्वास को दर्शाती है।

कार्यक्रम में अध्यक्ष गौतम चौधरी और लघु उद्योग भारती हरियाणा के जनरल सेक्रेटरी मनोज रुंगटा ने भी उद्योगों की एकजुटता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संगठित प्रयासों से ही उद्योगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।

इस मौके पर फरीदाबाद-पलवल प्रभारी रवि भूषण खत्री, गुरुग्राम एवं मानेसर प्रभारी राकेश गुप्ता, वाइस प्रेसिडेंट सुरिंदर बंसल, बल्लभगढ़ अध्यक्ष श्रीकांत दमानी, महासचिव सुनील यादव, कोषाध्यक्ष अजय शर्मा, अनिल प्रताप सिंह, एन.के. चावला, सुरिंदर जांगड़ा, श्याम कनकनी, पप्पूजीत सिंह सरना, संस्थापक सदस्य संजय अरोड़ा सहित कई कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।