Faridabad/Alive News: पल्ला से बसंतपुर क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर लोकसभा निगरानी समिति के संयोजक ओमप्रकाश रैक्सवाल ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के एसई जितेन्द्र ढुल से मुलाकात की और लोगों की समस्याओं से अवगत कराया।
ओमप्रकाश रैक्सवाल ने कहा कि पल्ला-बसंतपुर क्षेत्र के लिए वर्ष 2017 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के सामने 66 केवी के नए बिजली सब स्टेशन की मांग रखी गई थी। सब स्टेशन बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन उसकी पूरी बिजली सप्लाई क्षेत्र को नहीं मिल रही है। इसके कारण लोगों को बार-बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि क्षेत्र को उसके हिस्से की पूरी बिजली सप्लाई दी जाए।
उन्होंने क्षेत्र में नए बिजली के खंभे लगाने, नई तारें बिछाने, खराब ट्रांसफार्मर बदलने और लो-वोल्टेज की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया। रैक्सवाल ने कहा कि कई बार बिजली अधिकारी लोगों के फोन तक नहीं उठाते, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
इस पर डीएचबीवीएन के एसई जितेन्द्र ढुल ने अधिकारियों को तुरंत समस्याओं पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीओ और जेई को क्षेत्र का निरीक्षण कर जल्द समाधान करने को कहा।
एसई जितेन्द्र ढुल ने बताया कि रोशन नगर फीडर पर काम चल रहा है। सुरक्षा के चलते आसपास के फीडरों की बिजली सप्लाई अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि रोशन नगर फीडर का लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और अगले सात दिनों में बाकी काम भी पूरा कर लिया जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।

