March 28, 2024

श्रम विभाग ने जागरूकता कार्यक्रम किया आयोजित

Faridabad/Alive News : श्रम विभाग ने असंगठित क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आज एनआईटी विधानसभा क्षेत्र में आने वाले वार्ड नम्बर-9 में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान सहायक श्रमायुक्त राजबीर सिंह ने असंगठित क्षेत्र से जुड़े श्रमिकों को ई-श्रम पोर्टल के संदर्भ में जानकारी दी। इस अवसर पर समाजसेवी सुरेन्द्र भड़ाना, सत्यभान शर्मा, दीपक शर्मा, कान्हा शर्मा, नारायण के अलावा अन्य कई गणमान्य व्यक्ति एवं श्रमिक मौजूद थे।

जिले भर में असंगठित क्षेत्र से जुड़े करीब 15 लाख श्रमिकों को केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए श्रम विभाग ने ई.श्रम रजिस्ट्रेशन के लिए कैम्पो का आयोजन कर रही है। अब तक विभाग 22 हजार 987 श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन किया जा चुका है। सी.एस.सी सेंटरों के रजिस्ट्रेशन करने में असफल रहने के बाद श्रम विभाग द्वारा कैंप लगाकर रजिस्ट्रेशन करने का निर्णय लिया गया है।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा निर्माण श्रमिक, खेतिहर, मजदूर, दिहाड़ी, मजदूर, बढ़ई, प्रवासी, मजदूर, मनरेगा वर्कर, ऑटो चालक, आशा वर्कर, घरेलू कामदार, दूध बेचने वाले, बिजली मिस्त्री, रेहडी, मजदूर, रिक्शा चालक, सब्जी विक्रेता, कारीगर, बुनकर तथा प्लंबर आदि श्रमिक जोकि असंगठित क्षेत्र से जुड़े हुए हैं। उनके लिए दुर्घटना बीमा के साथ-साथ अन्य कई सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ई-श्रम रजिस्ट्रेशन पोर्टल के माध्यम से सी.एस.सी सेंटरों पर करना शुरू किया था। किंतु सी.एस.सी सेंटर अधिक पैसा कमाने के लालच में श्रमिकों का रजिस्ट्रेशन नहीं कर रहे हैं। जिसके चलते असंगठित क्षेत्र से जुड़े करीब 15 लाख मजदूरों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं से अभी तक लाभ नहीं मिल सका है।

क्या कहना हैं सहायक श्रमायुक्त का
सहायक श्रमायुक्त राजबीर सिंह का कहना है कि उनकी व उनके विभाग की दिली इच्छा है कि श्रमिकों को उनका वाजिब हक मिल सके और इसके लिए कितनी भी मेहनत क्यों ना करनी पड़े, उनका विभाग पीछे नहीं हटेगा। जिले के असंगठित क्षेत्र से जुड़े लाखों मजदूरों का ई.रजिस्ट्रेशन कर उनको नंबर एक के पायदान पर ले जाना है तथा श्रमिकों को उनका वाजिब हक दिलवाना है।