May 17, 2024

खोरी: मकान तोड़े जाने के सदमे में एक व्यक्ति ने लगाई फांसी, शव लेने गई पुलिस से झड़प

Faridabad/Alive News: खोरी कॉलोनी में अपना मकान टूटने के सदमे में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। शव लेने जब पुलिस मौके पर पहुंची तो स्थानीय लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच करीब पांच मिनट तक झड़प भी हुई। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

दरअसल, अवैध रूप से बसी खोरी गांव में तोड़फोड़ के आदेश सुप्रीम कोर्ट ने दिए है। जिसका स्थानीय लोग विरोध कर रहे है और रो-बिलख रहे है। वहीं कुछ लोग पुनर्वास की मांग कर रहे है। खोरी के स्थानीय निवासी ने अपना घर टूटने के सदमे में आत्महत्या कर ली है। जानकरी के मुताबिक मृतक की पहचान गणेशीलाल (72) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार एक महीने पहले ही उन्होंने अपना मकान दो लाख रुपए खर्च कर बनवाया था। इसके पहले कच्चे मकान में रहते थे। इनके दो बेटे और उनकी बहुएं भी साथ रहती है। मृतक मूल रूप से यूपी के मेरठ के रहने वाले थे।

परिजनाें के मुताबिक गणेशीलाल करीब 15 साल से खोरी काॅलोनी में कच्चा मकान बनाकर रहते थे। करीब 100 गज जमीन इनके पास थी। एक महीने पहले ही उन्होंने उस जमीन पर दो कमरे बनवाया था। मृतक खाट बुनने का काम करते थे। अब सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सभी मकानों को तोड़ने की तैयारी हाे रही है। इस बात से गणेशीलाल परेशान रहते थे। मंगलवार की रात करीब ढाई बजे उठे और बाहर गेट पर कुंडी लगा करीब पचास मीटर दूर स्थित पेड़ के पास पहुंचकर वहां फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब लोगों ने देखा तो उनके बेटे राकेश और राजेश को सूचना दी।

पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प
आत्महत्या करने की सूचना मिलते ही सूरजकुंड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस काे देखकर आसपास के लोग आक्रोशित हो गए और बहसबाजी शुरू हुई और करीब पांच मिनट तक झड़प होती रही। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को भगाया और शव को लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजन की शिकायत पर जमीन बेचने वाले भू माफिया के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है। उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।