May 4, 2024

करनाल : सरकारी कार्यालयों में मूक-बधिरों के लिए अब अधिकारी और कर्मचारी सीखेंगें सांकेतिक भाषा

Chandigarh/Alive News : हरियाणा सरकार के अब मूक-बधिरों को सरकारी कार्यालयों में अपनी बात समझाने के लिए ज्यादा माथापच्ची की जरुरत नहीं पड़ेगी। हरियाणा के करनाल में अधिकारी और कर्मचारी उनकी सांकेतिक भाषा को सीखेंगे और उनकी भाषा में बात करके उनका दर्द समझेंगे और समाधान भी करेंगे। जिला प्रशासन की ओर से सभी सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों को सांकेतिक भाषा सिखाई जाएगी, ताकि किसी भी कार्यालय में आने वाले मूक-बधिरों को काम कराने में कोई दिक्कत न आए।

मिली जानकारी के अनुसार अधिकारियों और कर्मचारियों को माता प्रकाश कौर श्रवण वाणी केंद्र की ओर से सांकेतिक भाषा का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक शुक्रवार को इसके लिए दो घंटे की विशेष कक्षा लगेगी। कोरोना के चलते 26 जनवरी तक सभी प्रशिक्षण संस्थान बंद हैं, ऐसे में 28 जनवरी से कक्षा शुरू होगी।

पहले केवल ऑफलाइन कक्षा ही रखी जाएगी। जो करनाल जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए होगी। दूसरे चरण में कक्षा को ऑनलाइन भी शुरू किया जाएगा। जिसमें प्रदेश के कई जिलों के अधिकारी कर्मचारी शामिल हो सकेंगे। शुरुआत में जीटी बेल्ट के जिलों को लिया जाएगा। प्रदेश में मूक बधिरों की संख्या हजारों में है।

जानकारी के अनुसार सांकेतिक भाषा की प्रशिक्षण कक्षा के पहले चरण में उन चार विभागों को शामिल किया गया है, जहां सबसे ज्यादा मूक-बधिरों को परेशानी आती है। इनमें स्वास्थ्य विभाग, बैंक, डाक घर और रोडवेज शामिल हैं। डॉक्टर को सांकेतिक भाषा का ज्ञान न होने पर मूक-बधिर के इलाज में परेशानी आती है।