Kaithal/Alive News: कैथल के चीका क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में करीब एक महीने के बच्चे की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा में सवार परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। परिवार पंजाब के पटियाला से कैथल के गांव रसूलपुर रिश्तेदारी में आया था और रात को वापस लौट रहा था। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पटियाला जिले के गांव ददरहेड़ी निवासी दलजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे वह परिवार के सदस्यों के साथ ई-रिक्शा में वापस जा रहा था। गांव हरिगढ़ किंगन के पास पिहोवा की तरफ से आ रही कार ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ई-रिक्शा पलट गई और उसमें सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायलों को गुहला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पटियाला भेज दिया गया। हादसे में दलजीत सिंह के पोते निरवैर सिंह की मौत हो गई। चीका थाना पुलिस के जांच अधिकारी विकास के अनुसार, शिकायत के आधार पर कार चालक सरनदीप सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

