हिसार के आदमपुर में कुलदीप बिश्नोई के परिवार के नए घर में हुआ गृहप्रवेश; धौलपुर के लाल पत्थर, नक्काशीदार दरवाजे और संगमरमर के मंदिर ने खींचा ध्यान
Hisar/Alive News: आईएएस अधिकारी परी बिश्नोई ने अपने पति और भाजपा नेता भव्य बिश्नोई के साथ हिसार के आदमपुर स्थित नए घर में गृहप्रवेश किया। राजस्थान की पारंपरिक हवेलियों की तर्ज पर तैयार इस आलीशान मकान की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। गृहप्रवेश के दौरान परी बिश्नोई लाल साड़ी में सिर पर मंगल कलश और नारियल रखकर घर में प्रवेश करती नजर आईं। उनके साथ पति भव्य बिश्नोई और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
बिश्नोई समाज के धर्मगुरु आचार्य सच्चिदानंद ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ गृहप्रवेश की रस्म पूरी कराई। उन्होंने घर के अलग-अलग कमरों, बालकनी और हॉल में पवित्र जल का छिड़काव किया। इस दौरान कुलदीप बिश्नोई भी उनके साथ मौजूद रहे।

घर का निर्माण राजस्थान की ऐतिहासिक हवेलियों की शैली में कराया गया है। इसके बाहरी हिस्से में धौलपुर का लाल पत्थर लगाया गया है। लाल शीशम की लकड़ी से बने भारी दरवाजों पर पीतल के गोल स्टड जड़े गए हैं। नक्काशीदार खंभे, मेहराबदार झरोखे और बड़ी बालकनियां इसे पारंपरिक राजस्थानी रूप देते हैं।
घर के अंदर सफेद संगमरमर का नक्काशीदार मंदिर बनाया गया है। मंदिर के पास की दीवार पर पूरी हनुमान चालीसा उकेरी गई है। डाइनिंग एरिया में 12 कुर्सियों वाली बड़ी मेज और पारंपरिक पीतल के बर्तन रखे गए हैं। झूमर, विंटेज फर्नीचर और राजस्थानी पेंटिंग्स भी घर की सजावट का हिस्सा हैं।
बताया गया है कि मकान में कुल 12 कमरे हैं। ग्राउंड फ्लोर पर कार्यालय बनाया गया है, जबकि अलग-अलग मंजिलों पर भव्य और कुलदीप बिश्नोई के रहने की व्यवस्था है। ऊपरी मंजिल पर जिम बनाया गया है। घर में ऑटोमैटिक लिफ्ट और सीढ़ियां भी हैं।
गृहप्रवेश के दौरान मीडिया से बातचीत में कुलदीप बिश्नोई ने स्थानीय कांग्रेस विधायक चंद्रप्रकाश पर भी टिप्पणी की। उनसे विधायक के उस बयान को लेकर सवाल किया गया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि क्षेत्र में काम वह करवाते हैं और फीता भव्य बिश्नोई काटते हैं। इस पर कुलदीप बिश्नोई ने विधायक को घटिया बताया।

