Faridabad/Alive News: सेक्टर-21बी स्थित जीवा पब्लिक स्कूल में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और गौरव की भावना विकसित करने के उद्देश्य से 1 सितंबर से 14 सितंबर तक हिंदी पखवाड़े का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए कविता-पाठ, कहानी एवं निबंध लेखन, भाषण, वाद-विवाद, सुलेख और पोस्टर निर्माण जैसी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं।
हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए हास्य कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें नन्हे कवियों और कवयित्रियों ने अपनी हास्यपूर्ण कविताओं, रचनात्मक अभिव्यक्ति और शानदार प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों में उनकी प्रतिभा और आत्मविश्वास साफ नजर आया।
वहीं, कक्षा छठी से दसवीं तक के विद्यार्थियों ने भी हिंदी पखवाड़े के तहत आयोजित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा छठी के विद्यार्थियों ने पोस्टर निर्माण के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जबकि कक्षा सातवीं के विद्यार्थियों ने कहानी लेखन में अपनी कल्पनाशीलता और लेखन-कौशल को अभिव्यक्त किया। कक्षा आठवीं, नौवीं और दसवीं के विद्यार्थियों ने समसामयिक विषयों पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में अपने तर्क और विचार प्रस्तुत किए।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी की समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराने के साथ-साथ उनकी भाषायी दक्षता, रचनात्मकता और अभिव्यक्ति-कौशल को विकसित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय के अध्यक्ष ऋषिपाल चौहान ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदनाओं और पहचान का अभिन्न हिस्सा है। विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति रुचि और सम्मान विकसित करना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
विद्यालय की उपाध्यक्षा चंद्रलता चौहान, एकेडमिक हेड मुक्ता सचदेव तथा प्रधानाचार्या नरजीत कौर ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए उन्हें बधाई दी।

