Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के थाना पल्ला क्षेत्र में एक युवक को पिस्टल के बल पर अगवा कर बंधक बनाने, मारपीट करने और परिजनों से 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। थाना पल्ला पुलिस ने इस मामले में दीपक उर्फ काले और लक्की को गिरफ्तार किया है। अदालत ने दीपक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया, जबकि लक्की को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, दिल्ली निवासी युवक ने शिकायत दी कि 8 सितंबर को उसके परिचित विक्की ने जरूरी काम के बहाने उसे धीरज नगर बुलाया था। वहां विक्की, उसका भाई लक्की और 3-4 अन्य युवक मिले। आरोप है कि विक्की ने युवक की कनपटी पर पिस्टल लगाकर उसे कार में बैठाया और आंखों पर पट्टी बांधकर अज्ञात स्थान पर ले गए। वहां उसके साथ मारपीट की गई और परिजनों से 5 लाख रुपये मंगवाने की मांग की गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि शिकायतकर्ता और आरोपित आपस में दोस्त हैं। 7 सितंबर की रात दोनों ने पार्टी की थी और लक्की के धीरज नगर स्थित घर पर रुके थे। सुबह लक्की को अपनी अंगूठी और पिस्टल गायब मिली। उसे शिकायतकर्ता पर चोरी का शक हुआ। युवक के इनकार करने पर लक्की ने उसके साथ मारपीट की।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद लक्की युवक को कार में बैठाकर दिल्ली में अपने दोस्तों के पास ले गया, जहां उसके साथ फिर मारपीट की गई। बाद में लक्की अपने दोस्त दीपक और अन्य साथियों के साथ उसे वापस धीरज नगर लेकर आया और बंधक बनाकर रखा।
पुलिस ने दीपक उर्फ काले निवासी आली गांव, सरिता विहार, दिल्ली, हाल निवासी बेरी बाग, आली गांव, दिल्ली और लक्की निवासी आली गांव, सरिता विहार, दिल्ली को गिरफ्तार किया है। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से दीपक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि लक्की को आगे की पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।

