Faridabad/Alive News: उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जिले के अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST)-2027 के लिए समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि नवोदय विद्यालय समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने कक्षा-6 में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है और ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी सरकारी विद्यालयों, शिक्षा विभाग और अन्य उपलब्ध माध्यमों से चयन परीक्षा एवं ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि दूर-दराज के क्षेत्रों के पात्र एवं मेधावी विद्यार्थी भी इस अवसर का लाभ उठा सकें।
उन्होंने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक और पूर्णतः निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने वाला प्रतिष्ठित संस्थान है। ऐसे में सभी पात्र विद्यार्थियों को इस सुनहरे अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना आवेदन अवश्य करना चाहिए।
डीसी आयुष सिन्हा ने बताया कि JNVST-2027 के लिए आवेदन नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट तथा ऑनलाइन आवेदन पोर्टल के माध्यम से किए जा सकते हैं। उन्होंने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और किसी भी तकनीकी समस्या से बचने के लिए समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
नवोदय विद्यालय समिति के जारी कार्यक्रम के अनुसार कक्षा-6 JNVST-2027 चयन परीक्षा का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा। जिला प्रशासन इस परीक्षा के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए शिक्षा विभाग एवं संबंधित संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित कर रहा है, ताकि जिले का कोई भी पात्र विद्यार्थी आवेदन से वंचित न रहे।

