October 2, 2024

जे. सी. बोस में प्रकृति को बचाने का लिया संकल्प

Faridabad/Alive News: प्रगति के बीच प्रकृति को बचाने के संकल्प के साथ मुंबई से देहरादून की साइकिल यात्रा पर निकले प्रख्यात पर्यावरणविद व पद्मभूषण अलंकरण से सम्‍मानित डॉ. अनिल प्रकाश जोशी जे. सी. बोस विश्वविद्यालय पहुंचे।

उन्‍होंने पर्यावरण बचाओ अभियान के तहत हरियाणा दिवस के उपलक्ष में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर के साथ विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस दौरान डॉ. जोशी और साइकिल यात्रा पर निकली उनकी टीम ने कुलपति प्रो. तोमर तथा विश्वविद्यालय के शिक्षकों के साथ पर्यावरण के मुद्दे पर चर्चा भी की।

इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. एस.के. गर्ग, डीन (कॉलेज) प्रो. तिलक राज, डीएसडब्ल्यू प्रो. लखविंदर सिंह, पर्यावरण इंजीनियरिंग की विभागाध्यक्ष डॉ रेणुका गुप्ता, भारत सेवा प्रतिष्ठान के अध्यक्ष श्रीकृष्ण सिंघल, ग्रीन इंडिया फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. जगदीश चौधरी, और डीएसडब्ल्यू कार्यालय एवं वसुंधरा ईसीओ क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

इससे पहले कुलपति प्रो. तोमर ने डॉ. जोशी और उनकी टीम का पौधा देकर स्वागत किया। इस अवसर पर पर्यावरणविद डॉ. जोशी ने शहर के युवाओं से अपील करते हुए कहा कि प्रकृति व पर्यावरण देश की प्रगति में मुख्य विकासधारा के अंग हैं। इनका संरक्षण युवा पीढ़ी के हाथ में हैं। साइकिल यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को प्रकृति व पर्यावरण का संरक्षण करने के लिए जागरूक करना है। इसी के चलते देश की आर्थिक राजधानी मुंबई से उत्तराखंड की राजधानी देहारादून तक साइकिल यात्रा पर निकाले हैं। डॉ. जोशी ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना भी की।