Faridabad/Alive News: बीके अस्पताल में भर्ती अज्ञात मरीज की मौत के बाद अब उसके इलाज और देखभाल से जुड़े सात दिनों के रिकॉर्ड की जांच होगी। मरीज को 8 नवंबर की रात अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई। इस दौरान उसके हाथ-पैर बेड से बांधकर रखे गए थे। अब इससे जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगे हैं कि मरीज को किस परिस्थिति में और कितने समय तक बांधकर रखा गया। साथ ही उसे खाना, पानी और दवाइयां देने से लेकर उसकी निगरानी तक के पहलुओं की जांच की जाएगी।
सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा के अनुसार, मरीज को एनएचएआई की एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया था। उसके हाथ पर कपिल नाम का टैटू था, लेकिन पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं मिला। उसका व्यवहार असामान्य था और दूसरे मरीजों को नुकसान पहुंचाने की आशंका के चलते उसे बेड से बांधा गया था।
खाना-पानी नहीं मिलने की आशंका, विभाग ने किया खारिज
मरीज की मौत के बाद अस्पताल से जुड़े सूत्रों ने आशंका जताई कि उसे समय पर खाना और पानी नहीं मिला। हालांकि, सीएमओ ने इन आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि मरीज को समय पर खाना और दवाइयां दी जा रही थीं। अस्पताल लाए जाने के समय उसके शरीर पर चोट के निशान भी मौजूद थे। अब जांच कमेटी मौत के कारणों और इलाज के दौरान हुई देखभाल से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल करेगी।

