Faridabad/Alive News: इंस्टाग्राम पर गिफ्ट भेजने का विज्ञापन देकर 37,944 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में फरीदाबाद पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना NIT की टीम ने महिला खाताधारक और प्रितम जांगिड (26) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, NIT फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि 6 सितंबर को उसने इंस्टाग्राम पर गिफ्ट से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद व्हाट्सऐप चैट खुल गई। इसके बाद कथित ठगों ने गिफ्ट भेजने के नाम पर उससे 37,944 रुपये ठग लिए। पीड़िता को न तो गिफ्ट मिला और न ही उसके पैसे वापस किए गए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि गिरफ्तार महिला के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 17,500 रुपये आए थे। वहीं, गिफ्ट भेजने के नाम पर ठगी करने के लिए इस्तेमाल की गई आईडी प्रितम जांगिड की थी। पुलिस के मुताबिक, प्रितम कारपेंटर का काम करता है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

