Faridabad/Alive News: हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में बल्लभगढ़ बस अड्डे स्थित चालक प्रशिक्षण संस्थान में एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 35 प्रशिक्षणार्थियों और तीन अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन और सुरक्षित वाहन संचालन के लिए तीन बातों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है—पर्याप्त नींद लेना, क्रोध पर नियंत्रण रखना और नशे से दूर रहना। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों को खुद नशे से दूर रहना चाहिए और अपने परिवार, मित्रों व आसपास के लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं को जीवन में किसी भी प्रकार का नशा न करने और दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई गई। डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए आम लोगों की जागरूकता और सहयोग जरूरी है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे की तस्करी से संबंधित जानकारी राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 या हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की हेल्पलाइन 90508-91508 पर साझा करें। इससे नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने में मदद मिल सकती है।
यह जागरूकता अभियान हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक संजय कुमार और पुलिस उप महानिरीक्षक एवं संयुक्त पुलिस आयुक्त, फरीदाबाद राजेंद्र कुमार मीणा के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।

